वाराणसी के दालमंडी चौड़ीकरण अभियान ने अब निर्णायक चरण में प्रवेश कर लिया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने उन 16 भवनों को तत्काल खाली करने का निर्देश दिया है जिनकी रजिस्ट्री और अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी कर भवन स्वामियों और दुकानदारों को सूचना दी गई।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने चिन्हित भवनों की नापी कर उन पर लाल निशान लगाए। इस दौरान लंगड़ा हाफिज मस्जिद के कटरे के पास कुछ स्थानीय लोगों और दुकानदारों के बीच बहस भी देखने को मिली।
कार्रवाई को गति देने के लिए नई पोकलैंड मशीन क्षेत्र में पहुंच चुकी है। मौके पर पीडब्ल्यूडी के अभियंता, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
विभाग का कहना है कि जर्जर और कमजोर भवनों को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जा रहा है। इस चौड़ीकरण परियोजना से दालमंडी क्षेत्र में वर्षों पुरानी जाम की समस्या कम होने और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
जहां कई स्थानीय लोग इस परियोजना को विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं, वहीं कुछ व्यापारी और भवन स्वामी अपने प्रतिष्ठानों के ध्वस्तीकरण को लेकर चिंता भी जता रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार चौड़ीकरण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के लिए नई विकास योजनाएं भी लागू की जाएंगी।