उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘प्लग एंड प्ले’ नीति के तहत 10 नए औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है। इस पहल का उद्देश्य राज्य में निवेश आकर्षित करना, उद्योगों को बढ़ावा देना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
अधिकारियों के अनुसार, केंद्र सरकार देशभर में 100 नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास की योजना पर काम कर रही है। इसके तहत राज्यों से जुलाई तक प्रस्ताव मांगे गए हैं। पहले और दूसरे चरण में 25-25 औद्योगिक क्षेत्रों के विकास का लक्ष्य रखा गया है।
कारोबार में सुगमता बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार जन विश्वास (प्रविधान संशोधन) विधेयक 3.0 लाने की तैयारी कर रही है। इससे पहले जन विश्वास 2.0 के तहत 717 प्रकार के औद्योगिक अपराधों में सीधे जेल भेजने के प्रावधान समाप्त किए गए थे।
अधिकारियों का कहना है कि पिछले 12 वर्षों में देश के निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वहीं उत्तर प्रदेश निर्यात के मामले में 11वें स्थान से 9वें स्थान पर पहुंच गया है।
सरकार ने औद्योगिक संगठनों और निर्यातकों से भी सुझाव लिए हैं ताकि उद्योगों के लिए और अधिक अनुकूल माहौल तैयार किया जा सके।